मुख्य समाचार

बिहार सरकार निवेशकों को भरोसा और सुरक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध

उद्योग लगाने के लिए सबसे जरूरी भरोसा और सुरक्षा है। बिहार सरकार निवेशकों को दोनों चीज देने के लिए प्रतिबद्ध है। बिहार में ज्यादा से ज्यादा उद्योग लगने पर ही बिहार की समृद्धि का रास्ता खुलेगा। 

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के कारोबारियों से ये बातें कहीं। मुख्यमंत्री बिहार चैंबर आफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के शताब्दी वर्ष पर आयोजित व्यावसायिक समागम कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

सीएम ने कहा, बड़ी संख्या में निवेशक बिहार आ रहे हैं। हमने देश की टॉप 10 इंडस्ट्रियल पॉलिसी बनाई है, लेकिन पॉलिसी के अनुसार अब तक यहां उद्योग स्थापित नहीं हुए। निवेशकों का भरोसा और सुरक्षा सुनिश्चित हो। इन दोनों पर काम हो रहा है। 

आपकी सुरक्षा सरकार का दायित्व है। अब अपराधियों पर 24 घंटे के अंदर कार्रवाई हो रही है। बिहार में कोई भी कानून को अपने हाथ में नहीं ले सकता है। प्रत्येक 3 महीने पर आपके साथ डीएम और एसपी बैठक करेंगे। सुरक्षा या कोई भी समस्या हो। उसका निदान होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज 2025 बना है। उसमें संशोधन भी हुए हैं। जरूरत पड़ने पर और संशोधन होगा। 

उद्यमी यदि पॉलिसी में किसी तरह का बदलाव चाहतें हैं, तो वे उद्योग मंत्री से मिले। आपके अनुसार पॉलिसी बनेगी। पॉलिसी ऐसी बने, जो कागजों में ही सिमटकर नहीं रहे बल्कि वह धरातल पर उतरे। आपके विश्वास से ही बिहार की तस्वीर बदलेगी।

कार्यक्रम को बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने भी संबोधित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के सचिव सह वित्त सचिव संजय कुमार सिंह भी मौजूद रहे। 


संबंधित खबरें