गयाजी में पितृपक्ष मेले का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बिहार की परंपरा अतिथि देवो भव की रही है। मेला आनेवाले श्रद्धालुओं का सम्मान के साथ स्वागत होना चाहिए। उन्होंने सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए।
सीएम ने कहा कि पितृपक्ष मेला सनातन संस्कृति में पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता का अनूठा पर्व है। गयाजी की पावन धरती पर पिंडदान और तर्पण के लिए देश-दुनिया से श्रद्धालु आते हैं। पितृपक्ष के दौरान पुनपुन (पटना) और गयाजी दोनों जगहों पर सरकार की ओर से आवश्यक इंतजाम किए जाते हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तकनीक और ऐप का भी इस्तेमाल हो रहा है। उनकी भाषाओं में जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए गयाजी में सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है।
विष्णुपद कॉरिडोर के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार 3500 करोड़ रुपये खर्च करेंगी। इसमें 2500 करोड़ राशि कॉरिडोर के विकास के लिए है। यह राज्य में किसी मंदिर के विकास के लिए अब तक की सबसे बड़ी परियोजनाओं में से एक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना, गयाजी, दरभंगा और पूर्णिया एयरपोर्ट के माध्यम से राज्य की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है। गयाजी को इंडोनेशिया, बैंकॉक, गल्फ देश सहित प्रमुख स्थानों से जोड़ने के लिए सरकार काम कर रही है। गयाजी की हवाई कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। इससे गयाजी आने वाले श्रद्धालुओं के साथ पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव, राज्य सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा, दिलीप कुमार जायसवाल,शीला मंडल और केदार प्रसाद गुप्ता भी मौजूद रहे।