मुख्य समाचार

दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी को भारी बहुमत, सीएम ने दी बधाई      

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को भारी बहुमत मिला है। 70 सीटों के लिए हुए चुनाव में बीजेपी को 48 और आम आदमी पार्टी (आप) को 22 सीट मिली है। 27 साल बाद दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। चुनाव नतीजे में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली। 

कालकाजी सीट से मुख्यमंत्री आतिशी 3521 वोट से जीत गईं हैं। नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल 4089 और जंगपुरा से पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया 675 मतों से चुनाव हार गए। 

दिल्ली विधानसभा के गठन के बाद पहला चुनाव 1993 में हुआ था। पहली सरकार बीजेपी (1993 से 1998) की बनी। इसके बाद लगातार 15 वर्षों तक कांग्रेस का शासन रहा। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी को भी जनता ने लगातार 12 वर्षों तक मौका दिया। अब 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी को जनादेश मिला है। 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की भारी बहुमत से जीत पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा है कि दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व पर अपना पूर्ण विश्वास व्यक्त किया है। इस ऐतिहासिक जीत के लिए प्रधानमंत्री जी को बहुत-बहुत बधाई।
 


संबंधित खबरें