Chenab railway bridge : जम्मू कश्मीर में चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे ब्रिज का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। इस ब्रिज के बन जाने से अब श्रीनगर का रेल संपर्क अन्य शहरों से जुड़ जाएगा। प्रधानमंत्री ने वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन से श्रीनगर के लिए दो वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि चिनाब ब्रिज दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है। लोग एफिल टावर देखने पेरिस जाते हैं। चिनाब ब्रिज एफिल टावर से भी ऊंचा है। अब लोग चिनाब ब्रिज के जरिए कश्मीर देखने जाएंगे। यह एक आकर्षक टूरिस्ट डेस्टिनेशन भी बनेगा।
अंजी ब्रिज भी इंजीनियरिंग का बेहतरीन नमूना है। यह भारत का पहला केबल सपोर्टेड रेलवे ब्रिज है। चिनाब और अंजी ब्रिज का निर्माण पीर पंजाल की दुर्गम पहाड़ियों पर हुआ है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों ब्रिज जम्मू और कश्मीर की समृद्धि का जरिया बनेंगे। टूरिज्म के साथ दूसरे सेक्टर को भी लाभ होगा। अब कश्मीर का सेब कम लागत में देश के बड़े बाजार तक समय पर पहुंच जाएगा। सूखे मेवे, पश्मीना शॉल और हस्तशिल्प उत्पाद भी अब आसानी से देश के किसी हिस्से तक पहुंच जाएंगे। जम्मू-कश्मीर के लोगों को देश के दूसरे हिस्सों में आना-जाना भी बहुत आसान हो जाएगा।