डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने खगड़िया में स्टील प्लांट लगाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन के लिए कई जिलों में नई यूनिट लग रही है। अब खगड़िया भी पीछे नहीं रहेगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान सम्राट चौधरी खगड़िया और सहरसा में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि खगड़िया उनका घर है। पहले खगड़िया से पटना, सहरसा और भागलपुर जाने में पूरा दिन लग जाता था। अब दो से तीन से घंटे में यह दूरी तय होती है।
सहरसा में एयरपोर्ट निर्माण के लिए शीघ्र टेंडर जारी होगा। मानसी से सहरसा फोरलेन सड़क का निर्माण हो रहा है। मधेपुरा और सुपौल के बाद सहरसा में भी मेडिकल कॉलेज बन रहा है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि बिहार का बजट आज 3.5 लाख करोड़ रुपये का हो गया है। 20 वर्ष पहले राज्य में केवल 17 लाख बिजली उपभोक्ता थे। आज यह संख्या 2.16 करोड़ है। राज्य में 23 से 24 घंटे बिजली की आपूर्ति हो रही है। 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली से करीब 88 प्रतिशत उपभोक्ताओं का बिल शून्य आ रहा है।