मुख्य समाचार

अजित पवार का निधन, पीएम मोदी, सीएम नीतीश ने व्यक्त किया शोक

महाराष्ट्र के बारामती जिले में हुए भीषण विमान हादसे में डिप्टी सीएम अजित पवार की मौत हो गई। अजित पवार के असामयिक निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। 

प्रधानमंत्री ने शोक संदेश में कहा कि अजीत पवार जी महाराष्ट्र की जनता की सेवा में अग्रणी एक कर्मठ व्यक्तित्व के रूप में व्यापक रूप से सम्मानित थे। प्रशासनिक मामलों की उनकी समझ और गरीबों को सशक्त बनाने का उनका संकल्प भी सराहनीय था। उनका असामयिक निधन अत्यंत दुखद और स्तब्ध कर देने वाला है। उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार : अजित पवार एक कर्मठ एवं कुशल राजनेता थे। महाराष्ट्र की राजनीति में उनका अहम योगदान था। वे मृदुभाषी, मिलनसार और लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनके निधन से न केवल महाराष्ट्र बल्कि पूरे देश के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। 

आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद : बारामती प्लेन हादसे में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे तथा परिजन और समर्थकों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की क्षमता दे। हादसे की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। 
 


संबंधित खबरें