मुख्य समाचार

बिहार सरकार ने 19 खिलाड़ियों को दिया नियुक्ति पत्र   

मेडल लाओ,नौकरी पाओ योजना के तहत बिहार सरकार ने 19 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र दिया है। इनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट खिलाड़ी आकाश दीप एवं मुकेश कुमार भी हैं। दोनों खिलाड़ियों की डीएसपी पद पर सीधी नियुक्ति हुई है। 

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऊर्जा ऑडिटोरियम में खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र एवं खेल छात्रवृत्ति चयन पत्र सौंपा। समारोह में डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, डीजीपी विनय कुमार, खेल सचिव दीपक आनंद, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के डीजी रविंद्रन शंकरण भी मौजूद रहे। 

समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति देकर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मान और प्रोत्साहन मिलेगा। पहली बार किसी खिलाड़ी की डीएसपी पद पर नियुक्ति हुई है। इससे राज्य के युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ेगा। 

राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने तथा उन्हें सम्मानजनक अवसर देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 सितंबर से पंचायत स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान शुरू होगी। चयनित प्रतिभाओं को व्यवस्थित प्रशिक्षण मिलेगा। पूरे बिहार में 5000 खेल मैदानों का निर्माण हुआ है। इसका उद्देश्य गांव-गांव तक खेल संस्कृति का विस्तार करना और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

बिहार में विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम हो रहा है। पटना स्थित मोइनुल हक स्टेडियम का पुनर्विकास हो रहा है। इसके संचालन की जिम्मेदारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को दी गई है। स्टेडियम की क्षमता लगभग 40 हजार दर्शकों की है। 

सीएम ने कहा कि नालंदा में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना हुई है। राष्ट्रीय स्तर के खेलों में बिहार नंबर वन बने। हमलोगों को ऐसी तैयारी करनी है। राज्य सरकार का प्रयास है कि बिहार में भी विश्व स्तरीय खेल का आयोजन हो। 
 


संबंधित खबरें