पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए। योग गुरु स्वामी परमतेज ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मौजूद जनसमूह को योगाभ्यास कराया।

योग दिवस समारोह के उद्घाटन के मौके पर सीएम ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य विरासत है। यह स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। मुंगेर की धरती योग का केंद्र है। यहां दुनियाभर से लोग योग का प्रशिक्षण लेने पहुंचते हैं।
बिहार के स्कूल एवं कॉलेजों में पहले से ही शारीरिक प्रशिक्षण की व्यवस्था लागू है। योगाभ्यास को हर घर तक पहुंचाने के लिए अगले वर्ष से बिहार के स्कूल और कॉलेजों में योग को शामिल किया जाएगा ताकि लोग स्वस्थ एवं खुशहाल रहे। योगाभ्यास स्वस्थ एवं समृद्ध भारत का रास्ता खोलेगा।

सीएम ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम पद्धति नहीं, बल्कि जीवन जीने की शैली है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य में सुधार होता है और व्यक्ति तनावमुक्त जीवन जी सकता है। उन्होंने लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, स्वास्थ्य मंत्री निशांत एवं स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर, कई जनप्रतिनिधि एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।