मुख्य समाचार

बिहार : किसानों को सिंचाई के लिए मिलेगी 12 घंटे बिजली

बिहार सरकार ने किसानों को सिंचाई के लिए 12 घंटे बिजली आपूर्ति करने का निर्देश दिया है। एग्रीकल्चर फीडर से सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक बिजली की आपूर्ति होगी। बिहार में नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कई निर्देश दिए। केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रहलाद जोशी की मौजूदगी में बैठक हुई। 

राज्य में स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप नई परियोजनाओं पर चर्चा हुई। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के सचिव संतोष कुमार सारंगी और बिहार के ऊर्जा सचिव अजय यादव ने प्रेजेंटेशन के जरिए जानकारी दी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी का आभार व्यक्त किया। सीएम ने कहा कि बिहार आकर केंद्रीय मंत्री ने योजनाओं की समीक्षा की। बिहार को नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए उनके सुझावों पर तेजी से काम होगा।

मुख्यमंत्री ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली और कुसुम योजना के लक्ष्य को प्राप्त करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुसुम योजना के अंतर्गत किसानों को सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने से कृषि लागत कम होगी। साथ ही स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। 

बिहार में फ्लोटिंग सोलर की काफी संभावना है। राज्य के लिए ग्रीन हाइड्रोजन नीति भी उपयोगी होगी। भविष्य की ऊर्जा जरूरत और औद्योगिक विकास को ध्यान में रखते हुए बिहार को स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों के लिए तैयार करना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में निजी निवेश आकर्षित करने के लिए अनुकूल एवं पारदर्शी वातावरण विकसित करने के निर्देश दिए।बैठक में बिहार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, सीएम के सचिव संजय कुमार सिंह एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
 


संबंधित खबरें