Purchase of pulses and oilseed in Bihar : बिहार सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर दलहन और तिलहन खरीद की नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। केंद्र सरकार की मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के तहत यह निर्णय रबी विपणन मौसम 2025-26 से लागू होगा। इसके बाद हर वर्ष इस मॉडल के तहत दलहन एवं तिलहन की सरकारी खरीद होगी।
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के इस प्रस्ताव को कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों के 20 प्रस्तावों को स्वीकृति मिली।
डिप्टी सीएम सह वित्तमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि नई व्यवस्था से न सिर्फ किसानों को बाजार मूल्य की अनिश्चितता से राहत मिलेगी, बल्कि राज्य सरकार को भी कृषि उत्पादन और मूल्य नियंत्रण में अधिक पारदर्शिता लाने में मदद मिलेगी।
अब तक रबी विपणन मौसम में जो व्यवस्था चल रही थी, उसे पूरी तरह समाप्त करते हुए पुनरीक्षित पीएसएस व्यवस्था लागू की जाएगी। इस व्यवस्था के अंतर्गत राज्य के पैक्स और व्यापार मंडल के माध्यम से एमएसपी पर फसलों की खरीद की जाएगी। यह काम सहकारिता विभाग के नियंत्रण में होगा।
डिप्टी सीएम ने कहा कि नई व्यवस्था के तहत नेफेड और एनसीसीएफ को केंद्रीय एजेंसी के रूप में नामित किया गया है। राज्य स्तर पर बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम प्रमुख नोडल एजेंसी होगी। यह योजना बिहार के लाखों किसानों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने के लिए एक मजबूत आधार बनेगी।