बिहार के 2 लाख 2 हजार किसानों के खाते में 113.16 करोड़ राशि डीबीटी के जरिए भेजी गई। 2025 में भारी बारिश एवं मोंथा तूफान से फसल की बड़ी क्षति हुई थी। किसानों को यह राशि कृषि इनपुट अनुदान योजना (Bihar Agriculture Input Subsidy Scheme) के तहत मिली है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक अणे मार्ग से 113.16 करोड़ राशि ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित किसानों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत मिली राशि का उपयोग किसान अगली फसल के लिए कर सकेंगे।

पिछले वर्ष राज्य के 13 जिलों बेगूसराय, भोजपुर, दरभंगा, गयाजी, कैमूर, किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी एवं सुपौल में फसल की बड़ी क्षति हुई थी। इन जिलों की 493 पंचायतों के किसान प्रभावित हुए थे।
इस अवसर पर दोनों डिप्टी सीएम, कृषि मंत्री रामकृपाल यादव, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, कृषि निदेशक सौरभ सुमन यादव मौजूद रहे।