राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने केंद्रीय बजट 2026-27 को निराशाजनक बताया है। आरजेडी का कहना है कि आर्थिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट में बिहार की स्थिति को देखते हुए उम्मीद की जा रही थी कि बिहार को विशेष पैकेज मिलेगा, लेकिन इस बार बजट में बिहार गायब है। पटना में जिस शिप रिपेयरिंग सेंटर की घोषणा हुई है। वह खानापूर्ति के अलावा कुछ नहीं है।
आरजेडी के प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा कि वित्त मंत्री ने 2025-26 के बजट भाषण में आठ बार और 2024-25 के बजट भाषण में 11 बार बिहार की चर्चा की थी। इस बार बजट में केवल सपने दिखाए गए हैं। डबल इंजन की सरकार में बिहार का यह हाल है।
उम्मीद की जा रही थी कि कोरोना काल में सीनियर सिटीजन की स्थगित रेलवे रियायत शुरू करने की घोषणा होगी। संसदीय समिति की अनुशंसा के बाद भी सरकार मौन है।
कर्मचारी बीमा योजना (ईपीएस) 95 के 78 लाख अंशधारकों की पेंशन राशि में वृद्धि की मांग को भी नजरंदाज कर दिया गया। आयकर में भी कोई छूट नहीं मिली।