मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्रीय बजट 2026-27 का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए पेश किया गया है।
बजट में पूरे देश में 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग बनाने की घोषणा हुई है। इसके तहत पटना और वाराणसी में जहाज मरम्मत की सुविधा उपलब्ध होगी। जलमार्ग के विस्तार से बिहार के कई शहरों को फायदा होगा। उत्पादों के निर्यात में सुविधा होगी। साथ ही व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार देश में 7 हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने का ऐलान हुआ है। इसमें वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनने से बिहार को काफी लाभ होगा।
केंद्रीय बजट में सेमीकंडक्टर के लिए 40 हजार करोड़ राशि, बड़े टेक्सटाइल पार्क और महात्मा गांधी ग्राम स्वरोजगार योजना की बात कही गई है। इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

विकास और रोजगार के अवसरों में तेजी लाने के लिए पूर्वाेदय राज्य और उत्तर-पूर्व क्षेत्र पर विशेष ध्यान केंद्रित होगा। इससे जुड़ी योजनाओं से बिहार को औद्योगिक निवेश, आधारभूत संरचना और युवाओं के लिए अधिक रोजगार के अवसर मिलेंगे।
केंद्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया में मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों के विकास के लिए किए गए प्रावधानों से बिहार में शहरीकरण को नई गति मिलेगी। इससे राज्य के शहरों में आधारभूत संरचना, निवेश और रोजगार के अवसरों का विस्तार होगा। देश के सभी जिलों में एक गर्ल्स हॉस्टल बनाने की भी घोषणा हुई है। इससे लड़कियों को काफी सहूलियत होगी।