मुख्य समाचार

पूर्णिया एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का पीएम मोदी ने किया शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्णिया एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का शुभारंभ किया। साथ ही पहली फ्लाइट को हरी झंडी भी दिखाई। उन्होंने कहा कि टर्मिनल भवन रिकॉर्ड पांच माह से कम समय में बना है। पूर्णिया देश के एविएशन मैप में शामिल हो गया है। अब देश के बड़े शहरों से पूर्णिया और सीमांचल को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। 

प्रधानमंत्री ने पूर्णिया से बिहार के लिए लगभग 40,000 करोड़ राशि की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। सभी परियोजनाएं रेल, एयरपोर्ट, बिजली और पानी से जुड़ी हैं। 

इस मौके पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, दोनों डिप्टी सीएम, केंद्र एवं राज्य सरकार के कई मंत्री मौजूद रहे। 

पूर्णिया के एसएसबी ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने 14 सितंबर 2025 को राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की स्थापना के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। मखाना किसानों को अच्छी कीमत मिले। इसके लिए राष्ट्रीय मखाना बोर्ड काम करेगा। मखाना क्षेत्र के विकास के लिए केंद्र सरकार ने करीब 475 करोड़ रुपए की योजना को मंजूरी दी है।

बिजली के क्षेत्र में भी बिहार को आत्मनिर्भर बनाने का काम चल रहा है। भागलपुर के पीरपैंती में 24 सौ मेगावाट के थर्मल पावर प्रोजेक्ट का शिलान्यास हुआ है।

कोसी-मेची अंतर राज्यीय नदी संपर्क परियोजना के पहले फेज के शिलान्यास से इस्टर्न कोसी मेन कैनाल का विस्तार होगा। लाखों हेक्टेयर जमीन में सिंचाई की सुविधा होगी और बाढ़ से निपटने में भी आसानी होगी। 

प्रधानमंत्री ने एक वंदेभारत, दो अमृत भारत और एक पैसेंजर ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई।
 


संबंधित खबरें