मुख्य समाचार

Indigo flight crisis : पांचवें दिन केंद्र सरकार ने जारी किए निर्देश

पांच दिनों से जारी इंडिगो परिचालन संकट के कारण विमान यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। स्टाफ की कमी से जूझ रही इंडिगो को बड़ी संख्या में फ्लाइट रद्द करनी पड़ी है।  पटना समेत देश के सभी एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी हुई है। 

ऐसी स्थिति में केंद्र सरकार ने संकट के पांचवें दिन कई निर्देश जारी किए हैं। विमान यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनें चलेंगी और कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगेंगे।

नागर विमानन मंत्रालय ने इंडिगो को सभी रद्द उड़ानों के लिए रिफंड प्रक्रिया 7 दिसंबर की रात 8 बजे तक पूरी करने का निर्देश दिया है।

यात्रियों से कोई पुनर्निर्धारण शुल्क (rescheduling fee) नहीं लिया जाएगा, जिनकी यात्रा फ्लाइट रद्द होने से प्रभावित हुई है।

यात्रियों से अलग हुए सभी सामान 48 घंटे में उनके पते पर पहुंच जाएंगे। 

सामान की ट्रैकिंग और डिलीवरी की समय-सीमा के बारे में इंडिगो का यात्रियों से स्पष्ट संवाद होगा। मंत्रालय ने यात्री अधिकार नियमों के तहत ज़रूरत पड़ने पर मुआवजा देने के लिए भी कहा है।

वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग, छात्र, मरीज और तत्काल यात्रियों की मदद के लिए मंत्रालय ने निगरानी तंत्र को मजबूत किया है।

वर्तमान परिस्थिति में कुछ एयरलाइन कंपनियां असामान्य रूप से अधिक हवाई किराया वसूल रही हैं। मंत्रालय ने इसे गंभीरता से लिया है। 

सभी एयरलाइंस को जारी निर्देश में कहा गया है कि निर्धारित किराया सीमा का सख्ती से पालन अनिवार्य होगा। यह सीमा तब तक लागू रहेगी, जब तक स्थिति पूरी तरह से सामान्य नहीं हो जाती। 
 


संबंधित खबरें