मुख्य समाचार

सदन की गरिमा बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी : Om Birla

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बिहार विधानसभा भवन के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने पटना पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने “सशक्त विधायक, सशक्त लोकतंत्र” व्याख्यान को संबोधित किया। साथ ही बिहार विधानमंडल में राष्ट्रीय ई-विधान एप्लिकेशन (NeVA) डिजिटल हाउस का भी शुभारंभ किया। 

लोकसभा अध्यक्ष ने बिहार विधानमंडल के दोनों सदन के सदस्यों से कहा कि सदन की गरिमा और मर्यादा बनाए रखना हर जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। विधायिका लोकतंत्र की महत्वपूर्ण संस्था है। इसकी रक्षा होनी चाहिए।

ओम बिरला ने विधायी कार्यवाहियों में व्यवधान और अमर्यादित आचरण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रवृत्ति लोकतांत्रिक निकायों की छवि को नुकसान पहुंचाती है। उन्होंने सदस्यों से संवाद, तर्कसंगत वाद-विवाद और रचनात्मक चर्चा करने की अपील की। 

यह टिप्पणी करते हुए कि सशक्त विधायक ही सशक्त लोकतंत्र का आधार होते हैं, लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निर्वाचित प्रतिनिधियों की दक्षता और सत्यनिष्ठा से जुड़ी होती है। लोकतांत्रिक संस्थानों की प्रभावशीलता केवल संवैधानिक प्रावधानों से नहीं, बल्कि इस बात से निर्धारित होती है कि जनप्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किस प्रकार करते हैं। 

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विधायक को शक्ति जनता के विश्वास और भरोसे से मिलती है। सार्वजनिक मुद्दों को उठाकर, नागरिकों की चिंताओं को अभिव्यक्त कर तथा विधायी प्रक्रियाओं के माध्यम से उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य कर विधायक लोकतंत्र को मजबूत बनाने में योगदान देते हैं।

लोकसभा अध्यक्ष ने बिहार विधानमंडल में राष्ट्रीय ई-विधान एप्लिकेशन (NeVA) के क्रियान्वयन को पारदर्शिता और दक्षता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल होने  से अभिलेखों तक पहुंच सुगम होती है। शोध क्षमता बढ़ती है और कागज पर निर्भरता कम होती है। उन्होंने विधायकों से विधायी कार्यों में डिजिटल साधनों का प्रभावी उपयोग करने का आग्रह किया।

“सशक्त विधायक, सशक्त लोकतंत्र” व्याख्यान को केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, राज्य सभा के उपसभापति हरिवंश, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार, परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह; डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा और संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी संबोधित किया। 
 


संबंधित खबरें