मुजफ्फरपुर स्थित सुधा डेयरी प्लांट से निकल रहे प्रदूषित पानी से पर्यावरण को काफी नुकसान हो रहा है। इसका असर खेत और लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। सुधा डेयरी प्लांट एनएच और रेलवे लाइन के समीप है। इस कारण प्रदूषित जल से बारिश में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
इस समस्या के समाधान के लिए विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (COMFED) और सुधा डेयरी के अधिकारियों के साथ बैठक की।
विधानसभा सदस्य अजीत कुमार एवं अरुण कुमार के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के आलोक में सरकारी उपक्रमों से संबंधित समिति के समक्ष बैठक हुई।
COMFED और सुधा डेयरी के अधिकारियों ने बताया कि प्रदूषित जल के उपचार के लिए एक तालाब का निर्माण सुधा प्लांट में हो रहा है। अध्यक्ष ने इस प्रयास पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस समस्या से कई लोग जुड़े हैं। लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने के साथ लीची की खेती भी प्रभावित हो रही है।
विधानसभा अध्यक्ष ने तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त को सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ बैठक कर इस समस्या का समाधान निकालने का निर्देश दिया।