पटना के दानापुर स्थित नासरीगंज से पानापुर घाट के बीच स्टीमर सेवा (Ferry Service) शुरू हो गई। यह सेवा निःशुल्क है। इससे दानापुर दियारा क्षेत्र की 6 ग्राम पंचायत पुरानी पानापुर, मानस, कासिमचक, हेतनपुर, गंगहरा और पतलापुर के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर स्टीमर सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने यात्रियों से बात की और उनकी परेशानियों को सुना। डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के मौसम में यह सेवा क्षेत्र के लोगों के लिए काफी उपयोगी होगी। स्टीमर फेरी सेवा का लाभ दियारा क्षेत्र के किसान, सब्जी, फल और दूध उत्पादकों को मिलेगा। बाजार तक सामान की पहुंच आसान होने से स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
साथ ही स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र और पंचायत कर्मियों को भी सुविधा होगी। दियारा क्षेत्र में 58 स्कूल हैं। इनमें 553 शिक्षक कार्यरत हैं। 95 आंगनबाड़ी केंद्रों में 190 सेविका-सहायिका हैं। स्टीमर सेवा से गंगा के दोनों ओर रहने वाले लोगों के लिए आवागमन सुगम होगा।
5 माह के लिए हट जाता है पीपा पुल : दियारा क्षेत्र से दानापुर तक आवागमन के लिए गंगा नदी पर पीपा पुल की व्यवस्था है, लेकिन इसका संचालन नवंबर से 15 जून तक ही होता है। बारिश में पीपा पुल हट जाने से स्थानीय लोगों को गंगा पार करने में काफी जोखिम का सामना करना पड़ता है। स्टीमर फेरी सेवा शुरू होने से अब आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा।