नई दिल्ली /एजेंसी । मोदी सरकार की मेक इन इंडिया पहल के तहत अब भारत में सुपर कंप्यूटर बनाए जाएंगे। उत्पादन तीन चरणों में होगा। नेशनल सुपर कंप्यूटर्स मिशन का उद्देश्य 50 सुपर कंप्यूटर तैयार करने का है। इस पर सीडैक, पुणे काम कर रहा है। 4500 करोड़ रुपये की परियोजना को गत साल मार्च में मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने मंजूरी दी थी। सरकार की योजना इन सुपर कंप्यूटरों को देशभर में वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए उपलब्ध कराना है। परियोजना की देखरेख कर रहे वैज्ञानिक मिलिंद कुलकर्णी ने बताया कि पहले चरण में छह सुपर कंप्यूटर पाने की है। तीन सुपर कंप्यूटर आयात किए जाएंगे जबकि शेष तीन सुपर कंप्यूटर के हिस्सों का निर्माण विदेश में किया जाएगा, लेकिन उन्हें भारत में जोड़ा जाएगा।