मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय पटना के बापू सभागार में 26 नवंबर 2026 को राष्ट्रीय दूध (दुग्ध) दिवस का आयोजन कर रहा है। भारत में श्वेत क्रांति के जनक डॉ वर्गीज कुरियन की जयंती पर हर वर्ष 26 नवंबर को राष्ट्रीय दूध दिवस मनाया जाता है।
समारोह में केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री ललन सिंह, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी; केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल और बिहार सरकार के मंत्री नंद किशोर राम मौजूद रहेंगे।
इस अवसर पर विजेताओं को राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार पशुधन और डेयरी क्षेत्र से जुड़ा एक प्रमुख राष्ट्रीय सम्मान है। स्वदेशी गाय एवं भैंस की नस्लों को बढ़ावा देने, उनके संरक्षण, डेयरी विकास को मजबूत करने और पशुधन की उत्पादकता बढ़ाने में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार दिया जाता है।
इस कार्यक्रम में नमस्ते इंडिया ब्रांड के बिहटा (पटना) स्थित सिकंदरपुर में 2 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता की दूध प्रोसेसिंग यूनिट का शुभांरभ होगा। इस यूनिट की स्थापना पशुपालन अवसंरचना विकास कोष (AHIDF) के सहयोग से हुई है।
सुधा ब्रांड की मखाना खीर और रबड़ी भी लांच होगी। सुधा के बिक्री केंद्रों की चाबियां लाभार्थियों को सौंपी जाएंगी।
पशुधन एवं डेयरी क्षेत्र के लिए जलवायु अनुकूल रोडमैप के साथ बेसिक एनिमल हसबेंडरी स्टैटिस्टिक्स (BAHS) 2026 जारी होंगे। इसमें 1 मार्च 2025 से 28 फरवरी 2026 के दौरान ‘इंटीग्रेटेड सैंपल सर्वे’ के आधार पर पशुधन क्षेत्र से जुड़े आंकड़े हैं।
BAHS में दूध, अंडे, मांस और ऊन जैसे प्रमुख पशुधन उत्पादों के साथ राज्यवार उत्पादन के आंकड़े और प्रति व्यक्ति उपलब्धता की जानकारी है।