मुख्य समाचार

वैशाली से पीएम मोदी ने विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली जिला से बिहार को लगभग 34,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। साथ ही 5571.69 करोड़ रुपये की लागत से कच्ची दरगाह- बिदुपुर 6 लेन नीतीश सेतु का भी उद्घाटन किया। 

इन परियोजनाओं का हुआ उद्घाटन : राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण एवं उन्नयन, बक्सर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट-2, बिजली वितरण कार्य, फुलवरिया बांध में फ्लोटिंग सोलर परियोजना, कहलगांव में सीवरेज परियोजना, नहर और तटबंधों के निर्माण से संबंधित कार्य शामिल हैं। 

शिलान्यास की गई प्रमुख परियोजनाए : साहेबगंज-अरेराज बेतिया खंड में एनएच 139 डब्ल्यू के 4 लेन निर्माण, पीरपैंती सुपर थर्मल पावर परियोजना, कई शहरों में सीवरेज एवं जलापूर्ति योजनाएं, आईआईटी पटना के रिसर्च पार्क एवं छात्रावास का निर्माण शामिल है। 

इनके अतिरिक्त 100 पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाई गई। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों का गृह प्रवेश हुआ। ये परियोजनाएं बिहार में सड़क संपर्क, ऊर्जा, शिक्षा, शहरी आधारभूत संरचना एवं जनकल्याण को नई गति प्रदान करेंगी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार के विकास में केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन एवं समर्थन के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने लगभग 34,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया है। ये परियोजनाएं बिहार के आधारभूत संरचना, ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य, शहरी विकास और रोजगार के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी।

नीतीश सेतु बिहार की विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। लगभग 19.36 किलोमीटर लंबा यह सेतु पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है। इससे गंगा नदी के दोनों किनारों के बीच आवागमन सुगम होगा। महात्मा गांधी एवं जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम होगा। साथ ही राघोपुर दियारा क्षेत्र के लोगों को विशेष लाभ मिलेगा। 
 


संबंधित खबरें