मुजफ्फरपुर जिले के महवल औद्योगिक क्षेत्र (मोतीपुर) में मेगा लेदर एवं फुटवियर पार्क का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुभारंभ किया। पार्क की लागत लगभग 141 करोड़ है।
मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरपुर जिले को निवेश के लिए तेजी से उभरता हुआ क्षेत्र बताया। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों में निवेश के अवसर हैं, लेकिन मुजफ्फरपुर में उद्यमियों ने विशेष रुचि दिखाई है। सीएम ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि जमीन आवंटन में कोताही नहीं होनी चाहिए। सरकार उपलब्ध जमीन को विकसित कर उद्योगपतियों को आवंटित करेगी।
मुख्यमंत्री ने भूमि अधिग्रहण के संबंध में बताया कि यदि कोई व्यक्ति अपनी इच्छा से जमीन सरकार को देना चाहता है, तो उसे निर्धारित राशि से 10 प्रतिशत अधिक भुगतान मिलेगा। इसका उद्देश्य भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सुगम बनाना और औद्योगिक परियोजनाओं को गति देना है।
सीएम ने कहा कि बिहार की आबादी लगभग 14 करोड़ है। इतनी बड़ी आबादी की जरूरत को पूरा करने और लोगों को रोजगार देने के लिए उद्योगों का विकास आवश्यक है। मेगा लेदर एवं फुटवियर पार्क का शुभारंभ बिहार के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण कदम है। राज्य में लगातार औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से बिहार की अर्थव्यवस्था में बदलाव आएगा।

मुख्यमंत्री ने लेदर पार्क से जुड़े उद्यमी और संस्थाओं को बधाई देते हुए कहा कि उद्योग विभाग के माध्यम से विभिन्न कंपनियों के साथ समझौते हुए हैं। इससे औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में सहायता मिलेगी।
सीएम ने कहा कि उद्योग के विकास से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। राज्य के राजस्व में वृद्धि होगी और बिहार आर्थिक रूप से मजबूत बनेगा। उन्होंने सभी उद्योगपतियों से बिहार में निवेश करने और राज्य के विकास में भागीदार बनने की अपील की। वर्ष 2030 से पहले बिहार से बाहर काम करने वाले वाले श्रमिकों को राज्य में ही रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने शहीद जुब्बा सहनी के नाम पर मुजफ्फरपुर में वास्तुकला विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा की। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, कई मंत्री, स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।