नई दिल्ली। अर्थशास्त्री डॉ राजीव कुमार को नीति आयोग का नया उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अरविंद पनगढ़िया के बाद वह नीति आयोग के दूसरे उपाध्यक्ष होंगे। निवर्तमान उपाध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया के वापस अकादमिक क्षेत्र में लौटने की घोषणा के पांच दिन बाद सरकार ने यह फैसला लिया। एम्स में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ विनोद पॉल को नीति आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है।
राजीव कुमार अपना कार्यभार 31 अगस्त को पनगढ़िया के पद छोड़ने के बाद संभालेंगे। ऑक्सफोर्ड व लखनऊ विश्वविद्यालय से पढ़ाई कर चुके कुमार सेंटर फॉर पॉलिसी रिसर्च (सीपीआर) में वरिष्ठ फेलो हैं। वह भारतीय अर्थव्यवस्था पर कई किताबें भी लिख चुके हैं। उन्हें एशियन डेवलपमेंट बैंक, वित्त और उद्योग मंत्रालय में कामकाज का अनुभव है। वह सीआईआई के प्रमुख अर्थशास्त्री के साथ फिक्की के महासचिव और इंडियन काउंसिल फाॅर रिसर्च ऑन इंटरनेशनल इकोनॉमिक्स रिलेशन के चीफ एक्जीक्यूटिव भी रह चुके हैं। 2006 से 2008 तक राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड के सदस्य भी रहे हैं ।