मुंबई/एजेंसी। भारतीय शेयर बाजार लगातार पांचवें दिन शुक्रवार को 317 अंक की गिरावट के साथ 31,213.59 पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी भी 9710.80 अंक के नीचे पहुंच गया। जियो पॉलिटीकल टेंशन और आर्थिक समीक्षा में विकास दर को लेकर लगाए गए अनुमान में उच्च स्तर की वृद्धि हासिल होना मुश्किल कहे जाने से बाजार को झटका लगा। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स कारोबार के दौरान नकारात्मक दायरे में रहा और अंत में 317.74 अंक यानी 1.01 प्रतिशत टूटकर 31,213.59 अंक पर बंद हुआ । 4 जुलाई के बाद साप्ताहिक आधार पर बाजार का यह सबसे न्यूनतम स्तर है। एनएसई निफ्टी 109.45 अंक यानी 1.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 9,710.80 पर बंद हुआ। इससे पहले यह स्तर 7 जुलाई को देखा गया। कारोबार के दौरान यह 9,685.55 अंक के न्यूनतम स्तर तक चला गया था।
बाजार में पिछले छह सप्ताह में साप्ताहिक आधार पर यह पहली गिरावट है। जहां सेंसेक्स 1,111.82 अंक यानी 3.43 प्रतिशत नीचे आ गया, वहीं निफ्टी में 355.60 अंक यानी 3.53 प्रतिशत की गिरावट आई है।इसके अलावा अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपये में गिरावट से भी प्रभावित हुई। आर्थिक समीक्षा में कहा गया है कि आर्थिक वृद्धि का पूर्व में लगाए गए 6.75-7.5 प्रतिशत वृद्धि के अनुमान में उच्च स्तर वाले अनुमान को प्राप्त करना मुश्किल होगा। इसका कारण रुपये की विनिमय दर में वृद्धि, कृषि कर्ज माफी और जीएसटी क्रियान्वयन के दौरान होने वाली चुनौतियां हैं। सप्ताह के दौरान सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में 6 सप्ताह में पहली बार गिरावट आई।