मुख्य समाचार

बाढ़ पीड़ितों को मिलेगी हरसंभव सहायता

पटना। गांधी मैदान में तिरंगा फहराने के बाद सीएम नीतीश कुमार ने अपने संबोधन मे कहा कि बिहार में अचानक आई बाढ़ से काफी नुकसान हुआ है। इस विपदा की घड़ी में सरकार पीड़ितों के साथ है। बाढ़ पीड़ितों की मदद में कोई कमी नहीं रहेगी। सरकार के खजाने पर पहला हक आपदा पीड़ितों का है। विस्थापितों के लिए राहत शिविर और लंगर की व्यवस्था की गई है। आपदा की घड़ी में तुरंत मदद के लिए उन्होंने केंद्र सरकार कोे धन्यवाद दिया। 
न्याय के साथ विकास की प्रतिबद्धता दोहराते हुए सीएम ने कहा कि समाज के हर तबके का विकास हमारा लक्ष्य है। बिहार का अतीत गौरवशाली रहा है। इसे बनाए रखना बिहारवासियों का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि बापू के चंपारण सत्याग्रह के 100 वर्ष पूरा होने पर उनकी स्मृतियों से जुड़े कई कार्यक्रम हो रहे हैं। गांधी के आदर्श और  विचारों को घर-घर तक पहुंचाना है। शराबबंदी का असर दिख रहा है। घरों में खुशहाली आ गई है। अब दहेज प्रथा और बाल विवाह के खिलाफ अभियान शुरू होगा। 
पर्यावरण की रक्षा पर जोर देेते हुए कहा कि बिहार के हरियाली क्षेत्र को 17 फीसदी करना है। हर क्षेत्र में काम हो रहा है। बिजली की स्थिति पहले से ठीक हुई है। 2018 के अंत तक सूबे के हर घर में बिजली होगी। सरकार के सात निश्चयों पर अमल हो रहा है। औद्योगिकरण के प्रति भी सरकार सजग है। इसी का नतीजा है कि आज बिहार की विकास दर डबल डिजिट में है।  
मुख्यमंत्री ने संबोधन में कहा कि भ्रष्टाचार से समझौता नहीं होगा। माफियाओं पर कार्रवाई हो रही है। भागलपुर के सृजन घोटाले के जिम्मेवार हर लोगों पर कड़ी कार्रवाई होगी। जनता की सहूलियत के लिए लोक सेवा अधिकार अधिनियम है। सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 35 फीसदी आरक्षण है, जो देश में सर्वाधिक है। 
झांकियों में दिखी बिहार की तस्वीर : समारोह में कई विभागों की झांकियां निकाली गई। झांकियों के माध्यम से राज्य में हो रहे विकास कार्य को दिखाया गया । इसके माध्यम से नशा मुक्त बिहार, पितृ पक्ष मेला, कैमूर की पहाड़ी, शौचालय निर्माण, पशु हत्या पर रोक, डाॅयल 104, रेशम उत्पादन, कानूनी सहायता, जैविक कृषि, स्वच्छ पेय जल और पंचायती राज व्यवस्था को आकर्षक तरीके से बताया गया । 


संबंधित खबरें