नयी दिल्ली/एजेंसी। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि सरकार 2,000 रुपये के नोट पर प्रतिबंध लगाने पर विचार नहीं कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि 200 रुपये के नये नोट जारी करने के समय पर रिजर्व बैंक निर्णय करेगा। सरकार ने केंद्रीय बैंक को 200 रुपये के नोट जारी करने को मंजूरी दे दी है। इस कदम का मकसद कम राशि की मुद्रा पर दबाव को कम करना है।
आरबीआई शीघ्र ही 200 रुपये का नोट जारी करेगा। इसको लेकर केन्द्र सरकार ने बुधवार को नोटिफिकेशन जारी किया है। हाल ही में आरबीआई ने 50 रुपये का नोट जारी किया था। अधिकारियों का कहना है कि 200 रुपये का नया नोट आने से नकद लेन देन में आसानी होगी और छोटे नोटों की संख्या मार्केट में बढ़ जाएगी। नोटबंदी से पहले 500 रुपये के 1,717 करोड़ नोट थे और 1000 के 686 करोड़ नोट । एसबीआई के एक स्टडी के मुताबिक नोटबंदी के बाद बड़े नोटों के शेयर में 70 फीसदी की कमी आई है।