पटना / पूर्णिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार सरकार को बाढ़ राहत कार्य के लिए तत्काल 500 करोड़ की राशि दी। उन्होंने कहा कि क्षति के पूरे आकलन के बाद यह राशि और बढ़ाई जाएगी। नुकसान के आकलन के लिए शीघ्र ही केंद्रीय टीम आएगी। सीमांचल क्षेत्र अररिया, किशनगंज, कटिहार व पूर्णिया के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों के एरियल सर्वे के बाद बैठक में उन्होंने यह घोषणा की। प्रधानमंत्री के साथ सीएम नीतीश कुमार व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी भी थे। सीएम नीतीश ने बाढ़ से 10787 करोड़ 32 लाख क्षति का ब्योरा दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि सड़कों की मरम्मत के लिए सड़क एवं परिवहन मंत्रालय एवं पावर इन्फ्रास्ट्रक्चर की शीघ्र बहाली के लिए ऊर्जा मंत्रालय सहयोग करेगाने। प्रधानमंत्री राहत कोष से हर मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये एवं गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। आपदा की इस घड़ी में केंद्र सरकार बिहार के साथ है। जो भी मदद होगी, वह दी जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार की सुबह 9ः50 में पूर्णिया के चूनागढ़ एयरबेस पहुंचे। बाढ़ग्रस्त क्षेत्र के हवाई सर्वेक्षण के बाद चूनापुर एयरबेस के काॅन्फ्रेंस हॉल में सीएम, डिप्टी सीएम व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई।