मुख्य समाचार

निर्मला होंगी रक्षा मंत्री ,पीयूष गोयल को मिला रेल मंत्रालय

नई दिल्ली। निर्मला सीतारमण देश की अगली रक्षा मंत्री होंगी। निर्मला को अरुण जेटली की जगह रक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। जेटली के पास रक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार था। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बाद निर्मला देश की दूसरी महिला रक्षा मंत्री होंगी। हालांकि इंदिरा ने पीएम रहते हुए रक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाली थी। निर्मला के पास इससे पहले वाणिज्य मंत्रालय की जिम्मेदारी थी।
निर्मला के अलावा पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान और मुख्तार अब्बास नकवी ने भी कैबिनेट मंत्री की शपथ ली। गोयल को रेल मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। मुजफ्फरनगर के खतौली में रेल हादसे के बाद रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने इस्तीफे की पेशकश की थी। सुरेश प्रभु को वाणिज्य मंत्रालय दिया गया है। नितिन गडकरी को सड़क परिवहन मंत्रालय के साथ-साथ गंगा एवं जल संसाधन मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले जल संसाधन मंत्रालय उमा भारती के पास था। 
धर्मेंद्र प्रधान को पेट्रोलियम मंत्रालय के अलावा कौशल विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। स्मृति इरानी के पास सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अलावा कपड़ा मंत्रालय की जिम्मेदारी बनी रहेगी। 
फिलहाल एनडीए के सहयोगी जेडीयू और शिवसेना को शामिल नहीं किया गया है। उन्हें बाद में मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। हालांकि शिवसेना ने नाराजगी जताते हुए शपथग्रहण समारोह का बहिष्कार किया। 
इन्होंने ली राज्यमंत्री की शपथ:अश्विनी कुमार चौबे ( बिहार), आरके सिंह ( बिहार), वीरेंद्र कुमार (एमपी), शिव प्रताप शुक्ल (यूपी), सत्यपाल सिंह (यूपी), अनंत कुमार हेगड़े (कर्नाटक), अल्फोंस कन्नाथनम, हरदीप पुरी व गजेंद्र सिंह शेखावत (राजस्थान) ने नए मंत्रियों के रूप में शपथ ली।
 


संबंधित खबरें