मुख्य समाचार

बाढ़ से अब तक 1093.37 करोड़ की फसल को नुकसान

पटना। सूबे में बाढ़ से 8.10 लाख हेक्टेयर में लगी फसल को नुकसान हुआ है। कृषि विभाग ने 1093.37 करोड़ रुपये की क्षति की रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेज दी है। हालांकि अभी यह आंकड़ा प्रारंभिक है। कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने नुकसान की वास्तविक रिपोर्ट शीघ्र तैयार करने तथा किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश विभाग को दिया है।  अब तक 6.67 लाख हेक्टेयर में धान, 42,202 हेक्टेयर में मक्का, 33,113 हेक्टेयर में अन्य फसल और 67,841 हेक्टेयर में गन्ना फसल को नुकसान हुआ है। 
     डाॅ प्रेम ने बताया कि यह एक प्राकृतिक आपदा है, लेकिन किसानों को कम से कम नुकसान हो। इसके लिए विभाग हर संभव प्रयास कर रहा है। बाढ़ का पानी निकलते ही किसानों के लिए वैकल्पिक खेती की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग में आपदा नियंत्रण कोषांग का गठन किया गया है। कोषांग जिलों से प्रतिदिन क्षति की रिपोर्ट लेकर उसे केंद्र सरकार एवं आपदा प्रबंधन विभाग को भेज रहा है। बाढ़ प्रभावित जिलों के कृषि पदाधिकारियों को बाढ़ से उत्पन्न स्थिति पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। 
 


संबंधित खबरें