पटना। किसानों को धान का समर्थन मूल्य मिले। इसके लिए सरकार मिलरों को भी धान खरीद एजेंसी बनाने पर विचार करेगी। राइस मिल एसोसिएशन इस संबंध में शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर सरकार को दे। संबंधित विभागों के साथ इस पर विमर्श होगा। उक्त बातें उद्योग मंत्री जय कुमार सिंह ने बिहार स्टेट राइस मिल एसोसिएशन के सम्मेलन में कहीं। मंत्री ने कहा कि नेपाल और बांग्लादेश भी चावल के लिए अच्छा बाजार बन सकता है। इससे किसान और मिलरों दोनों को फायदा होगा। उद्योग को बिजली अनुदान मिले। इस पर भी चर्चा होगी। कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने कहा कि एसोसिएशन के प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार होगा। सम्मेलन में किसान व मजदूरों की समस्याओं को भी रखा गया,जो सराहनीय है। सहकारिता मंत्री राणा रणधीर सिंह ने भी मिलरों की समस्याओं के निदान की बात कही। बीआईए के अध्यक्ष केपीएस केशरी ने कहा कि मिलरों को धान की खरीद एजेंसी बनाना उचित होगा। यह किसानों के साथ उद्योग के लिए भी फायदेमंद होगा। मौके पर बिहार राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू गुप्ता, उपाध्यक्ष राकेश गुप्ता, महासचिव मुन्ना सिंह समेत एसोसिएशन के सदस्य मौजूद थे। सम्मेलन में जिलों से भी मिलर व किसान शामिल हुए।