मुख्य समाचार

पेट्रोल-डीजल : जीएसटी लागू होने से कम हो जाएगी कीमत

पटना/नई दिल्ली। देश में पेट्रोल और डीजल की कीमत पिछले तीन साल के उच्चतम स्तर पर हैं, जिसे लेकर केंद्र सरकार आलोचना झेल रही है। हालांकि पेट्रोल और डीजल पर भी यदि जीएसटी लागू कर दिया जाए, तो स्थितियां बदल सकती हैं। पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी चार दिन पहले पेट्रोल और डीजल की कीमतों में प्रतिदिन बदलाव के साथ ही जीएसटी लागू किए जाने की वकालत की थी।
शनिवार की कीमत : पटना में शनिवार (16.9.17) को पेट्रोल-डीजल की कीमत क्रमशः 74.81 रुपये एवं 62.51 रुपये है। मुंबई में पेट्रोल देश में सबसे अधिक 79.59 रुपये प्रति लीटर में बिक रहा है। इसके अलावा दिल्ली में 70.48, कोलकाता में 73.22 और चेन्नै में 73.06 रुपये लीटर में बिक रहा है। 
टैक्स की मार : पेट्रोलियम कंपनी इंडियन ऑयल काॅरपोरेशन के मुताबिक दिल्ली में डीलर सिर्फ 30.45 रुपये प्रति लीटर में पेट्रोल खरीद रहे हैं। इसके बाद इसमें 21.48 रुपये एक्साइज ड्यूटी और 3.57 रुपये प्रति लीटर डीलर कमीशन लिया जाता है। इसके बाद 27 फीसदी की दर से इस पर वैट (14.98 रुपये) लगता है। इस तरह कुल कीमत 70.48 रुपये हो जाती है। वैट राज्यों के अनुसार अलग-अलग होता है। यही वजह है कि अलग-अलग राज्यों में पेट्रोल और डीजल की कीमतें भिन्न होती हैं।
जीएसटी लागू होने पर : जीएसटी के अधिकतम स्लैब 28 पर्सेंट को यदि पेट्रोल पर लागू किया जाए तब भी कीमत 44 रुपये के करीब होगी, जो मौजूदा रेट से काफी कम होगा। जीएसटी लागू होने पर वैट और एक्साइज ड्यूटी समाप्त हो जाएंगे। जीएसटी 18 फीसदी भी कर दिया जाए, तो यह कीमत 40 रुपये के करीब ही होगी। 12 पर्सेंट जीएसटी होने पर करीब 38 रुपये लीटर पेट्रोल मिलेगा। 
 


संबंधित खबरें