नई दिल्ली/एजेंसी। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि जीएसटी नेटवर्क की क्षमता प्रति घंटे एक लाख रिटर्न संभालने की है। इस तरह नेटवर्क से एक दिन में 24 लाख रिटर्न ही दाखिल किये जा सकते हैं। 20 सितंबर अगस्त महीने का कर भुगतान करने का अंतिम दिन है। मंगलवार की रात तक महज 25 प्रतिशत लोगों ने रिटर्न दाखिल किया है। 75 प्रतिशत अंतिम दिन का इंतजार कर रहे हैं।
वित्त मंत्री ने बताया कि नेटवर्क पर मंगलवार रात तक रिटर्न दाखिल करने में कोई समस्या नहीं आ रही थी, लेकिन जब शेष 75 प्रतिशत एक ही दिन पोर्टल पर टूट पड़ेंगे तब समस्या होगी। उन्होंने कहा कि इसीलिए मैं अपील करता हूं कि वे समय से पहले रिटर्न दाखिल कर दें। यह उनके हित में है। जेटली ने कहा कि कंपनियों को भुगतान किये जाने वाले करों के बारे में विस्तृत जानकारी होती है। उन्हें अगले महीने की 14-15 तारीख तक रिटर्न दाखिल करना शुरू कर देना चाहिए ताकि उन्हें जीएसटी नेटवर्क पर आसानी हो।
जीएसटी काउंसिल ने नेटवर्क का बोझा हल्का करने के लिए कंपनियों को शुरुआती रिटर्न जीएसटीआर-3बी फॉर्म में दिसंबर तक दाखिल करने की स्वीकृति दी है। जीएसटी शुरु होने के पहले छह माह के दौरान कारोबारियों को यह सुविधा दी गई हे। बुधवार की दोपहर तक 18.41 लाख कारोबारियों ने अगस्त की रिटर्न दाखिल की है। अगस्त के लिए 20 सितंबर रिटर्न दाखिल करने का अंतिम दिन था। जीएसटीएन ने प्रति घंटा 80 हजार से अधिक रिटर्न दर्ज की हैं।