मुख्य समाचार

स्माॅल टेक्सपेयर्स को राहत देने के लिए बना मंत्री समूह 

पटना। उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को छोटे करदाताओं को और अधिक राहत देने के बने पांच सदस्यीय मंत्री समूह का सदस्य बनाया गया है। मंत्री समूह के संयोजक असम के वित्त मंत्री डॉ हिमंत विश्व शर्मा हैं। समूह में उनके साथ चार अन्य वित्त मंत्री शामिल हैं। मोदी जीएसटीएन के लिए गठित मंत्री समूह के संयोजक भी हैं।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि अब कर मुक्त माल की बिक्री पर कर भुगतान से राहत देने, माल की अंतरप्रांतीय बिक्री की छूट देने तथा इनपुट टैक्स क्रेडिट की सुविधा देने पर विचार के लिए मंत्री समूह का गठन किया गया है। मंत्रियों का समूह विचार करेगा कि कंपोजिट डीलर जिन्हें एक करोड़ तक की बिक्री पर मात्र एक प्रतिशत कर भुगतान करना है, उन्हें क्या करमुक्त माल की बिक्री पर कर भुगतान से छूट दी जा सकती है। दूसरा, अबतक के प्रावधान के अनुसार कंपाउंडिंग डीलर दूसरे राज्य से माल तो मंगा सकते हैं, लेकिन दूसरे राज्यों में उसे बेच नहीं सकते हैं, क्या उन्हें दूसरे राज्यों में माल बेचने का अधिकार दिया जा सकता है। तीसरा, क्या कंपाउंडिंग डीलर को इनपुट टैक्स क्रेडिट की सुविधा दी जा सकती है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा यह समूह एसी और नाॅन एसी रेस्तरां पर लगने वाले कर पर भी विचार कर अपनी रिपोर्ट देगा। इस रिपोर्ट पर 9-10 नवंबर को गुवाहाटी में होने वाली जीएसटी परिषद की बैठक में निर्णय लिया जा सकता है।
 


संबंधित खबरें