पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक अणे मार्ग से रबी महोत्सव रथों को सभी जिलों के लिए रवाना किया। ये रथ हर गांव और पंचायतों में जाएंगे। किसानों को खेेती की आधुनिक तकनीक एवं सरकार की योजनाओं से रू-ब-रू कराएंगे। इस अवसर पर कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार भी मौजूद थे।
रथ को कृषि तकनीक संबंधित लीफलेट व आॅडियो-वीडियो यंत्रों से सुसज्जित किया गया है। रबी मौसम की फसल की उत्पादकता और किसानों की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से प्रखंड स्तर पर रबी महाभियान सह महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। प्रखंडों में दो चरणों में 14 से 18 अक्टूबर एवं 20 अक्टूबर तथा 13 से 18 नवंबर को प्रशिक्षण सह उपादान वितरण कार्यक्रम का आयोजन होगा।
रबी महोत्सव के पहले चरण में किसानों को दलहन, तेलहन एवं बागवानी फसल की तकनीकी जानकारी दी जाएगी। दूसरे चरण में गेहूं और बागवानी फसलों से संबंधित बीज तथा अनुदान उपलब्ध कराया जायेगा। चालू वित्त वर्ष में रबी फसल के अंतर्गत 43.25 लाख हेक्टेयर में खाद्यान्न फसल की खेती से 136.80 लाख मैट्रिक टन उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मौके पर कृषि उत्पादन आयुक्त सुनील कुमार सिंह, प्रधान सचिव सुधीर कुमार, कृषि निदेशक हिमांशु कुमार राय, विशेष सचिव रवींद्र नाथ राय, निदेशक उद्यान अरविंदर सिंह, निदेशक (पीपीएम) धनंजयपति त्रिपाठी, निदेशक (भूमि संरक्षण) गुलाब यादव, निदेशक (बामेती) गणेश राम, निदेशक (बिहार राज्य बीज प्रमाणन एजेंसी) बैंकटेश नारायण सिंह समेत मुख्यालय एवं क्षेत्र के पदाधिकारी उपस्थित थे।