मोकामा । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोकामा से 3769 करोड़ की लागत से बिहार के लिए कई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें 3031 करोड़ रुपये की 195 किलोमीटर लंबी चार एनएच परियोजनाएं हैं। साथ ही नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत पटना के लिए 738.04 करोड़ की चार सीवरेज योजनाएं हैं।
सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार और केंद्र में एक ही सरकार है। इस कारण बिहार के विकास की गाड़ी अब रुकने वाली नहीं है। पूर्वी भारत के विकास के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने सीएम नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे हमेशा बिहार के विकास की बात करते हैं। बिहार का भाग्य बदलने के लिए हम काम कर रहे हैं। आपने जो विश्वास जताया है, उसे सरकार बेकार नहीं जाने देगी।
मोदी ने शुरू में मगही भाषा में मोकामा वासियों का अभिवादन किया। दीपावली और छठ की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गंगा पवित्र होगी, तो छठ का उत्सव भी अलग होगा। गंगा जीवनदायिनी है। इसे बचाने के लिए सभी को आगे आना होगा। वाटर वे अभियान के तहत कम खर्च में सामान पहुंचाने की व्यवस्था होगी। ब्रिटिश समय में मोकामा को मिनी कलकत्ता कहा जाता था।
दीपावली और छठ को देखते हुए रेल मंत्रालय बिहार और पूर्वी यूपी के लिए चार स्पेशल ट्रेन चला रहा है। पीएम सौभाग्य योजना के तहत केंद्र और राज्य सरकार वैसे घरों में बिजली का फ्री कनेक्शन देगी, जहां बिजली नहीं मिली है। हर घर शौचालय पर जोर देते हुआ कहा कि संकल्प लीजिए कि शौचालय की समस्या से महिलाओं को निजात दिलाएंगे।
नितिन गडकरी : केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि बिहार के विकास के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है। बिहार में एनएच का काम तेजी से हो रहा है। गंगा पर गांधी सेतु पुल का निर्माण शीघ्र शुरू होगा।
मौके पर केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद, राधा मोहन सिंह, राम विलास पासवान, गिरिराज सिंह, राज कुमार सिंह, उपेंद्र कुशवाहा, राम कृपाल यादव समेत राज्य सरकार के मंत्री, सांसद व विधायक उपस्थित थे।