पटना। बरौनी खाद कारखाना में उत्पादन 2020 तक शुरू हो जाएगा। कारखाने के पुनरुद्धार के लिए टेंडर हो चुका है। आईओसी, एनटीपीसी व गेल के संयुक्त सहयोग से यह काम होगा। कारखाना लंबे समय से बंद था। इसी तरह कांटी और बरौनी थर्मल का काम भी एनटीपीसी को सौंप दिया गया है। उक्त जानकारी उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने बिहार उद्योग संघ (बीआईए) के वार्षिक समारोह में दी। उन्होंने बताया कि रेलवे क्षेत्र में मढोरा (छपरा) एवं मधेपुरा में निवेश हुए हैं। इन जगहों पर रेल के चक्केे और इंजन बनेंगे। पेट्रोलियम क्षेत्र में भी 19400 करोड़ का निवेश होगा।
5000 करोड़ का होगा पूंजी निवेश: उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शीघ्र ही राज्य सरकार टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग एवं आईटी सेक्टर में निवेश को बढ़ावा देने के लिए नई पाॅलिसी लाएगी। नई उद्योग प्रोत्साहन नीति 2016 के तहत अब तक 572 प्रस्ताव आए हैं। इनसे 5000 करोड़ के पूंजी निवेश की संभावना है। 10 वर्षों में बड़ी संख्या में राइस मिल खुले हैं।
अंतिम तिथि को रिटर्न फाइल करने की आदत बदलें: जीएसटी को लेकर हो रही परेशानी पर उन्होंने कहा कि सरकार इसके प्रति गंभीर है। धीरे-धीरे इसे ठीक किया जा रहा है। 10 नवंबर को गुवाहाटी में होने वाली जीएसटी काउंसिल की बैठक में कई रिफाॅम्र्स होंगे। अंतिम तिथि को रिटर्न फाइल करने की मानसिकता को बदलने की अपील की।
बालू संकट भी दूर होगा: बालू की कमी पर मोदी ने कहा कि यह संकट भी शीघ्र दूर हो जाएगा। एनजीटी के निर्देशानुसार जुलाई से सितंबर बालू खनन का काम बंद रहता है। साथ ही अवैध खनन करने वालों पर कार्रवाई से भी परेशानी बढ़ी है। एक दिसंबर से खनिज विकास निगम के जरिए बालू-पत्थर की मार्केटिंग होगी।
उद्योग मंत्री : उद्योग मंत्री जय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सूबे में उद्योग का विकास किस तरह हो। इसको लेकर सरकार गंभीर है। नये उद्योग लगने से रोजगार का भी सृजन होता है। उद्योग संघ से आए हर सुझाव पर विचार होता है। प्रधान सचिव डाॅ एस. सिद्धार्थ ने 2016 की पाॅलिसी के क्रियान्वयन में बीआईए के सहयोग की प्रशंसा की।
बीआईए : बीआईए के अध्यक्ष केपीएस केसरी ने कहा कि संघ 75 वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि उद्यमी पंचायत को फिर से शुरू किया जाए। जीएसटी, परचेज पाॅलिसी, इंडस्ट्रियल लैंड एवं एमवीआर संबंधित परेशानियों की भी जानकारी दी। निवर्तमान अध्यक्ष रामलाल खेतान ने बताया कि सरकार की नीतियों का पूरा लाभ कारोबारियों को मिले।
इन्हें मिला सम्मान : दीना मेटल्स लि. को एसपी जैन मेमोरियल अवार्ड, क्रिएटिव पैकेजिंग इंडस्ट्रीज को एसआर रूंगटा मेमोरियल अवार्ड, एएफपी कंपनी हाजीपुर को बीपी गुप्ता मेमोरियल अवार्ड एवं डाॅ बी प्रसाद को डीपी साहू मेमोरियल अवार्ड से सम्मानित किया गया।
मौके पर बीआईए के उपाध्यक्ष रमेश चन्द्र गुप्ता, संजय भरतिया व शिव कुमार मस्करा, महासचिव अरविंद कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष सुबोध गोयल, बिहार चैंबर आॅफ काॅमर्स के अध्यक्ष पीके अग्रवाल व उपाध्यक्ष एनके ठाकुर समेत बड़ी संख्या में कारोबारी मौजूद थे।