मुख्य समाचार

पटना एयरपोर्ट से 24 घंटे फ्लाइट की सुविधा मार्च से

पटना। बिहार वासियों को 24 घंटे फ्लाइट की सुविधा मार्च 2018 से मिलेगी। इसके लिए एयरपोर्ट अथाॅरिटी, पटना ने तैयार शुरू कर दी है। एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण, रनवे एवं पैसेंजर लाऊंज के विस्तारीकरण का काम हो रहा है। उक्त जानकारी पटना एयरपोर्ट के निदेशक राजेंद्र सिंह लाहौरिया ने बीआईए परिसर में दी। उन्होंने बताया कि पटना एयरपोर्ट में फ्लाइट के लैंडिंग के दौरान विजिबलिटी की परेशानी है। बावजूद एयरपोर्ट अथाॅरिटी पैसेंजर की सुविधा का ख्याल रख रहा है। हाल के वर्षों में पैसेंजर भी काफी बढ़े हैं। 2012-13 में जहां 10 लाख पैसेंजर थे, वहीं 2017-18 में 30 लाख पैंसेंजर के पहुंचने की संभावना है। इसी तरह एयर मूवमेंट भी काफी बढ़ा है। 2016-17 में जहां 15508 फ्लाइट की लैंडिंग हुई, वहीं 2017-18 में 24000 फ्लाइट की लैंडिंग का लक्ष्य है। एयरपोर्ट परिसर में विजिटर्स की बढ़ती संख्या के कारण प्रशासनिक व्यवस्था में परेशानी आ रही है। इस पर रोक लगने की जरूरत है। शीघ्र ही एयरपोर्ट अथाॅरिटी इस दिशा में कार्य करेगा।    
निदेशक राजेंद्र सिंह लाहौरिया ने बताया कि एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण का काम मई 2018 में शुरू होगा। तीन साल में काम पूरा करने का लक्ष्य है। प्रस्तावित एयरपोर्ट 57000 वर्गमीटर में होगा। एक्सचेंज स्कीम के तहत राज्य सरकार से 11.87 एकड़ जमीन मिली है। इस एयरपोर्ट में बिहार की कला-संस्कृति देखने को मिलेगी। नालंदा विश्वविद्यालय, मधुबनी पेंटिंग एवं अशोक स्तंभ, वैशाली की कलाकृतियां दिखेंगी। 
बीआईए के अध्यक्ष केपीएस केसरी ने कहा कि एयरपोर्ट में पैसेंजर सुविधाओं की मांग एसोसिएशन गत दो वर्षों से कर रहा था। खुशी है कि एयरपोर्ट अथाॅरिटी इन पर काम शुरू करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह काम एक मिशन के तौर पर होना चाहिए। 
मौके पर पटना एयरपोर्ट अथाॅरिटी के अधिकारी,बीआईए के पूर्व अध्यक्ष शैलेंद्र प्रसाद सिन्हा, बीआईए के पदधारक एवं सदस्य समेत कारोबारी मौजूद थे।       


संबंधित खबरें