पटना। उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि समाज के हर तबके के युवक और युवतियां दहेज रहित शादी का संकल्प लें। इसके लिए अपने परिजनों को भी बाध्य करें। तभी दहेज जैसी सामाजिक विकृति का खात्मा होगा। अपने पुत्र उत्कर्ष के शादी समारोह में शामिल होकर वर-वधू को आशीष देने वाले सभी आमंत्रित के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि पूर्व की घोषणा के बावजूद पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी व लालू प्रसाद एवं कुछ अन्य सज्जनों की ओर से दिए गए सगुन के लिफाफे की राशि सामाजिक संस्था ‘दधीचि देहदान समिति’ को दान कर दी जायेगी। खर्चीली शादी से बचने के लिए दिन के आयोजन को प्राथमिकता दें एवं महंगे निमंत्रण पत्र की जगह ई-निमंत्रण कार्ड को बढ़ावा दें। बैंड-बाजा, बरात, नाच-गाना, भड़कीली सजावट व आतिशबाजी का परित्याग करें। इससे दहेजजनित अपराध और पारिवारिक कलह समाप्त हो सकेगा।