पटना। पटना एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले यात्री निर्धारित समय दो घंटे के पहले भी आ सकते हैं। करीब 300 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था एयरपोर्ट भवन के बाहर की गयी है। यात्रियों की सुविधा को लेकर एयरपोर्ट प्रशासन गंभीर है। इसी के मद्देनजर एयरपोर्ट निदेशक राजेंद्र सिंह लाहौरिया ने मंगलवार को सभी विमान कंपनियों के प्रबंधक एवं सीआईएसएफ के कमांडेंट के साथ बैठक की। बैठक में निर्णय लिया गया कि विमान कंपनियां चेकिंग काउंटर नियमानुसार 45 मिनट पहले बंद कर देंगी। इससे सुरक्षा जांच के लिए यात्रियों की कतार छोटी हो जाएगी। यात्री नियमानुसार ही केबिन बैग अपने साथ रखेंगे। इससे सुरक्षा जांच में कम समय लगेगा।
निदेशक राजेंद्र सिंह लाहौरिया ने बताया कि एयरपोर्ट भवन के सामने गाड़ियों के मूवमेंट के लिए लेन बनाए गए हैं। इनका इस्तेमाल यात्रियों को छोड़ने और ले जाने के लिए है। अगर कोई अपने वाहन का ठहराव कर यात्री की प्रतीक्षा करते पाये जाएंगे, तो नियमानुसार फाइन होगा। पार्किंग के लिए जगह निर्धारित है।