पटना। राष्ट्रीय किसान दिवस पर कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने अन्नदाता किसान को बधाई दी है। 23 दिसंबर को किसानों के नेता चौधरी चरण सिंह का जन्म दिवस है। इसलिए इस दिन को राष्ट्रीय किसान दिवस के रूप में मनाया जाता है। कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि एवं किसान राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। सूबे की लगभग 76 फीसदी आबादी कृषि पर आधारित है। सरकार राज्य में कृषि के विकास के लिए संकल्पित होकर काम कर रही है।
कृषि के विकास के लिए तीसरा कृषि रोड मैप तैयार किया गया है। पिछले दोनों कृषि रोड मैप का काफी अच्छा परिणाम मिला। जिसके फलस्वरूप 2012 में चावल, 2013 में गेहूं एवं 2016 में मक्का के लिए राष्ट्रीय कृषि कर्मण पुरस्कार राज्य को मिला। 2017-22 के लिए तीसरा कृषि रोड मैप किसानों की आय दोगुनी करने एवं हर भारतीय की थाल में बिहार का एक व्यंजन पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा।
डाॅ प्रेम ने कहा कि सूबे के किसान काफी मेहनती हैं। राज्य में प्राकृतिक संसाधन प्राप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। राज्य सरकार किसानों के सहयोग से सफलता की नई ऊंचाई को पाने में कामयाब होगी।