पटना । कृषि विभाग,बिहार एवं सीआईआई के सहयोग से 22 से 25 फरवरी तक गांधी मैदान में चार दिवसीय एग्रो बिहार,2018 का आयोजन हो रहा है। एग्रो बिहार में कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी 2011 से प्रतिवर्ष लग रही है। यह पूर्वी भारत का सबसे बड़ा यांत्रिकरण मेला है। कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने प्रेस प्रतिनिधियों को बताया कि प्रदर्शनी लगभग 3 लाख वर्ग फुट में होगी एवं 100 से अधिक स्टाॅल होंगे।
इसमें बिहार के अलावा कई राज्यों के कृषि यंत्र निर्माता भाग लेंगे। किसान सोलर प्लेट से चलने वाले मोबाईल कोल्ड स्टोरेज को देख सकेंगे। इसकी क्षमता 5 टन होगी। यह ताजे फल, सब्जी व फूल को अधिक समय तक सुरक्षित रखेगा। यह छोटे किसानों की आमदनी बढ़ाने में सहायक होगा।
मौके पर एपीसी सुनिल कुमार सिंह, प्रधान सचिव सुधीर कुमार, निदेशक हिमांशु कुमार राय, निदेशक (उद्यान) अरविंदर सिंह व सीआईआई बिहार के पीके सिन्हा उपस्थित थे।