पटना । किसानों के खातों में डीजल अनुदान की राशि ट्रांसफर करने के लिए कृषि विभाग एवं एचडीएफसी बैंक के बीच एमओयू विकास भवन स्थित सभागार में हुआ। इस अवसर पर कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार, एपीसी सुनिल कुमार सिंह, प्रधान सचिव सुधीर कुमार, निदेशक हिमांशु कुमार राय, एचडीएफसी बैंक के जोनल हेड संदीप कुमार समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।
कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने कहा कि क्लेम प्रोसेसिंग साॅफ्टवेयर के माध्यम से किसानों से आॅनलाईन आवेदन लिया जाएगा। प्रोसेसिंग के बाद बैंक के माध्यम से किसानों के आधार लिंक बैंक खातों में डीजल अनुदान की राशि ट्रांसफर की जाएगी। इस प्रक्रिया से राशि बैंक खाता में जाने में कम समय लगेगा।
उन्होंने बताया कि अनियमित माॅनसून जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर सिंचाई के लिए डीजल अनुदान के लिए 150.7175 करोड़ रुपये तथा आकस्मिक फसल योजना के लिए 24.2825 करोड़ रुपये समेत 175 करोड़ की स्वीकृति दी गयी है।