देश के प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स और बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) ने श्रद्धांजलि दी है।
बीआईए के अध्यक्ष केपीएस केशरी ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि रतन टाटा जी का निधन देश और पूरे उद्योग जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनका व्यक्तित्व अतुल्यनीय था। वे जितने बड़े उद्योगपति थे, उतने ही बड़े परोपकारी और देशभक्त थे। वे उद्योग जगत के लिए हमेशा एक आदर्श रहेंगे।
बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सुभाष कुमार पटवारी ने कहा कि बिहार का संपूर्ण व्यवसायी समाज उनके निधन से मर्माहत है।
रतन टाटा ने टाटा संस के चेयरमैन के रूप में कार्य करते हुए टाटा समूह को एक नई ऊंचाई पर पहुंचाया। उनके नेतृत्व में टाटा समूह ने वैश्विक स्तर पर विस्तार किया और टेटली, कोरस, जगुआर लैंड रोवर जैसे कई महत्वपूर्ण कंपनियों का अधिग्रहण किया।
वैश्विक मंच पर भारतीय उद्योग को प्रतिष्ठा दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अपनी सादगी से रतन टाटा ने एक अलग पहचान बनायी।