बिहार के मखाना को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए पहली बार बिहार से बाहर बेंगलुरु में दो दिवसीय मखाना महोत्सव का आयोजन किया गया। बेंगलुरु के किंग्स कोर्ट पैलेस में मखाना महोत्सव के दूसरे दिन केंद्रीय उपभोक्ता मंत्री प्रहलाद जोशी पहुंचे।
बिहार से कृषि सह स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय एवं कृषि सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने शिरकत की।
केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने मखाना से बने उत्पाद मखाना पास्ता, खीर मिक्स एवं मटरी मिक्स की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार मखाना उत्पाद की पहुंच दुनिया में कराने की हर संभव कोशिश कर रही है। मखाना जंक फूड का एक बहुत ही स्वस्थ विकल्प प्रदान करता है।
कृषि मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि बिहार विश्व स्तर पर मखाना का अग्रणी उत्पादक राज्य है। राज्य को मिथिला मखाना के लिए जीआई टैग मिला है। यह इसकी गुणवत्ता और विरासत को साबित करता है। बिहार में लाखों किसानों की आजीविका के लिए मखाना एक महत्वपूर्ण फसल है।
मंगल पांडेय ने बताया कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कहा है कि मखाना उत्पाद में लगे बिहार के किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य देने में केंद्र की ओर से हर सहायता दी जाएगी। मखाना का निर्यात आज दुनिया के लगभग एक दर्जन देशों में हो रहा है। भारत के विभिन्न राज्यों में भी इसकी लोकप्रियता है। दक्षिण भारत में भी मखाना का सेवन बढ़े। इसके लिए प्रयास जारी है।