मुख्य समाचार

बचपन के स्कूल को देख भावुक हुए सीएम नीतीश

पटना जिला के बख्तियारपुर स्थित गणेश उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को देख मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भावुक हो गए। स्कूल परिसर पहुंचने पर वे पुरानी यादों में खो गए। मुख्यमंत्री बचपन में इसी स्कूल में पढ़ते थे। स्कूल के पुराने भवन से उनकी कई यादें जुड़ी हैं।

मुख्यमंत्री ने स्कूल के नए भवन को देखने के बाद अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराएं ताकि छात्रों को पढ़ने में सुविधा हो। नया भवन पांच मंजिला है। इसमें 45 रूम हैं। स्कूल के समीप बन रहे स्वतंत्रता सेनानी डुमर सिंह पार्क का भी उन्होंने जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने करजान (बख्तियारपुर) -ताजपुर (समस्तीपुर) पुल निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। इस पुल के बनने से महात्मा गांधी सेतु एवं राजेंद्र सेतु पर यातायात का दबाव कम होगा। यह पुल समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर और बेगूसराय की ओर से आवागमन करनेवाले वाहनों का एक वैकल्पिक मार्ग होगा।

बख्तियारपुर-ताजपुर फोर लेन पुल एवं पहुंच पथ पटना जिला के करजान (बख्तियारपुर) के समीप एनएच 31 से शुरू होकर समस्तीपुर जिला के ताजपुर तक एनएच 28 को जोड़ता है। इस पथ की लंबाई 51.26 किलोमीटर है। इसमें गंगा नदी पर पुल की लंबाई 5.51 किलोमीटर और पहुंच पथ की लंबाई 45.75 किलोमीटर है। 
 


संबंधित खबरें