श्रम संसाधन विभाग ने बिहार के श्रमिकों के बच्चों में एक करोड़ चार लाख पांच हजार छात्रवृत्ति राशि वितरित की। श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह ने एक कार्यक्रम में डीबीटी के माध्यम से 2840 बच्चों के बैंक खातों में यह राशि ट्रांसफर की। कुछ बच्चों को सांकेतिक रूप से छात्रवृत्ति राशि दी गई। कार्यक्रम का आयोजन पटना के दशरथ मांझी श्रम एवं नियोजन अध्ययन संस्थान में किया गया।
श्रम संसाधन मंत्री ने कहा कि श्रमिक और उनके बच्चों को सामाजिक,आर्थिक और शैक्षणिक गतिविधियों में उचित सम्मान मिले। यह विभाग की प्राथमिकता रही है।
छात्रवृत्ति राशि से बच्चों का मनोबल बढ़ेगा और वे अपने सपनों को पूरा करने में सक्षम होंगे। इसके अलावा विभाग की अन्य वित्तीय सहायता का भी लाभ उठाएंगे। मंत्री संतोष कुमार सिंह ने बताया कि छात्रवृत्ति राशि में वृद्धि की जाएगी।
बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत असंगठित क्षेत्र के कामगार एवं शिल्पकार के अधिकतम दो बच्चों में छात्रवृत्ति अनुदान राशि भुगतान का प्रावधान है। इसके लिए बच्चों को बिहार में पढ़ाई करनी होगी।
11वीं और 12वीं में पढ़ाई कर रहे छात्र एवं छात्रा को प्रति वर्ष 2500 रुपये, सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में अध्ययनरत को प्रति वर्ष 5000 और सरकारी पॉलिटेक्निक में अध्ययनरत को प्रति वर्ष 10,000 रुपये छात्रवृत्ति मिलेगी।