बिहार की विकास दर वित्तीय वर्ष 2023-24 में 14.47 प्रतिशत रही। विकास दर के मामले में बिहार का देश में चौथा स्थान है। असम (19.10 प्रतिशत), सिक्किम (14.67) और तेलंगाना (14.50 प्रतिशत) की वृद्धि दर बिहार से अधिक है।
बिहार की विकास दर 14.47 प्रतिशत राष्ट्रीय विकास दर से लगभग पांच प्रतिशत अधिक है। भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 9.60 प्रतिशत है।
राज्य सरकार के योजना एवं विकास विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बिहार में प्रति व्यक्ति आय वित्तीय वर्ष 2023-24 में वर्तमान मूल्य पर 66,828 रुपए हो गई है। यह पिछले वर्ष से 7191 रुपए यानी 12.06 प्रतिशत अधिक है। वर्ष 2022-23 में प्रति व्यक्ति आय 59,637 रुपए थी।
विगत पांच वर्षों में प्रति व्यक्ति आय : 2019-20 में 48,263 रुपए, 2020-21 में 46,367, 2021-22 में 52,379, 2022-23 में 59,637 और 2023-24 में 66,828 रुपए ।