बिहार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह ने वन नेशन-वन लेबर कार्ड की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि कार्ड बन जाने से किसी भी राज्य के श्रमिक की पूरे देश में सामाजिक सुरक्षा बनी रहेगी। दूसरे प्रदेशों में काम करने के कारण बिहार के श्रमिकों के लिए यह नीति अधिक फायदेमंद होगी।
संतोष कुमार सिंह नई दिल्ली में एक कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। कार्यशाला का आयोजन श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने किया था।
बिहार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह की मांग का अन्य प्रदेश के श्रम मंत्रियों ने भी समर्थन किया। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ मनसुख मांडविया ने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार इस पर विचार करेगी।
श्रम मंत्री ने कहा कि वन नेशन वन लेबर कार्ड की पॉलिसी लागू होने पर बिहार के श्रमिक दूसरे राज्यों में भी सभी योजनाओं का लाभ ले सकेंगे।
कार्यशाला के दौरान संतोष कुमार सिंह ने बिहार में श्रमिकों के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिहार में श्रमिकों के जन्म से लेकर मृत्यु तक 16 योजनाएं हैं। बिहार का श्रमिक जब दूसरे प्रदेश में जाता है, तो उसके श्रम से दूसरे राज्यों का विकास होता है, लेकिन उस श्रमिक का हक मारा जाता है। इसलिए पूरे देश में वन लेबर कार्ड की पॉलिसी को लागू करना समय की मांग है।