Mahatma Gandhi setu : बिहार में गंगा नदी पर बने महात्मा गांधी सेतु (सड़क पुल) के समानांतर एक और फोरलेन पुल का निर्माण हो रहा है। इस पुल के बन जाने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच यातायात व्यवस्था और सुगम हो जाएगी। गांधी सेतु पुल पटना और वैशाली जिलों को जोड़ता है। इस पुल का शुभारंभ 1982 में हुआ था।
गांधी सेतु के समानांतर बन रहे पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। उन्होंने पुल का निर्माण तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया ताकि गांधी सेतु पर अधिक ट्रैफिक लोड से लोगों को राहत मिल सके। हाजीपुर के सैफपुर में पाया नंबर 9 के पास मुख्यमंत्री ने रुककर निर्माण कार्य की जानकारी ली।
पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह पुल 14.5 किलोमीटर लंबा है। पुल का निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है। दोनों तरफ आठ लेन का एप्रोच पथ भी बन रहा है।