मुख्य समाचार

बिहार सामाजिक सुरक्षा पेंशन में इजाफा, पंचायत में बनेगा विवाह भवन 

Bihar social security pension : बिहार सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थियों को जुलाई माह से बढ़ी हुई पेंशन मिलेगी। पेंशन राशि में सात सौ रुपये की वृद्धि की गई है। लाभुकों को जुलाई से 400 रुपये की जगह 1100 रुपये पेंशन मिलेगी। हर माह की 10 तारीख तक खाते में राशि जमा हो जाएगी। 

महिला संवाद कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ाने समेत पांच घोषणाएं की। 

-- जीविका परियोजना के तहत स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) को तीन लाख रुपये से अधिक के बैंक ऋण पर अब 7 प्रतिशत ब्याज देना होगा। स्वयं सहायता समूहों को पहले 3 लाख रुपये से अधिक के बैंक ऋण पर 10 प्रतिशत ब्याज देना पड़ता था। ब्याज दर घटने के बाद बैंकों को ब्याज के रूप में दी जानेवाली अतिरिक्त राशि सरकार देगी। 

-- लड़कियों की शादी में सुविधा के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में विवाह भवन का निर्माण होगा। इन विवाह भवनों का संचालन जीविका दीदी करेंगी। 

-- जीविका से जुड़े सभी कर्मियों का मानदेय दोगुना होेगा। इन कर्मचारियों के मानदेय वृद्धि की अतिरिक्त राशि राज्य सरकार वहन करेगी। 

--  दीदी की रसोई का संचालन प्रखंड स्तर तक के सरकारी संस्थानों में होगा। 

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर राज्य में स्वयं सहायता समूह का गठन हुआ, जिसे जीविका नाम मिला। इससे जुड़नेवाली महिलाओं को जीविका दीदी कहा गया। 

अब स्वयं सहायता समूह की संख्या 10 लाख 63 हजार से अधिक हो गयी है। इसमें जीविका दीदी की संख्या 1 करोड़ 35 लाख से अधिक है। शहरी क्षेत्रों में भी स्वयं सहायता समूह का गठन हो रहा है। इनकी संख्या 36 हजार है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2023 में जाति आधारित गणना कराने के दौरान लोगों की आर्थिक स्थिति की जानकारी ली। गणना में 94 लाख गरीब परिवार मिले। राज्य सरकार ने इनके रोजगार के लिए प्रति परिवार 2 लाख रुपये की सहायता देने का निर्णय लिया है। जरूरत पड़ने पर सहायता राशि बढ़ेगी। 


संबंधित खबरें